रतनगढ़। श्रीप्रजापति समाज सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित होने वाले 22वें प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को प्रजापति भवन में बैठक आयोजित की गई। काशीप्रसाद सीमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में समारोह की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए विभिन्न सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
30 अगस्त को टाउन हॉल में होगा समारोह
संस्थान के अनुसार गोपीचंद एवं ताराचंद पुत्र सांवरमल सीमार के सौजन्य से आयोजित यह समारोह 30 अगस्त को पंडित दीनदयाल उपाध्याय टाउन हॉल में दोपहर 12:15 बजे शुरू होगा।
मेधावी विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का होगा सम्मान
संस्थान के अध्यक्ष किशनाराम बबेरवाल ने बताया कि समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक तथा कॉलेज स्तर पर 65 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।
इसके अलावा सरकारी सेवा में चयनित अभ्यर्थियों, एमबीबीएस, सीए, आईआईटी में चयनित विद्यार्थियों के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
15 अगस्त तक जमा होंगे दस्तावेज
संस्थान ने बताया कि सम्मानित होने के इच्छुक पात्र प्रतिभागी 15 अगस्त तक अपने आवश्यक दस्तावेज संस्थान के पास जमा करा सकते हैं, ताकि उनका चयन समय पर किया जा सके।
बैठक में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में संस्थान के निदेशक लालचंद मारोठिया, संरक्षक महेश सीमार, किशनलाल घोड़ेला, ओमप्रकाश सीमार सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
इस अवसर पर भीमराज भोभरिया, विष्णुदत्त लुहानीवाल, गोपालकृष्ण निराणिया, कानाराम बबेरवाल, रामरतन निंबीवाल, राजेंद्र मारोठिया, मिलाप बासनीवाल, किशनलाल जलधंरा सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।






