रतनगढ़। शहर के वार्ड संख्या 42 स्थित एक नोहरे में बने छप्परे में शुक्रवार रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका की दमकल मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
छप्पर जलकर राख, हजारों रुपये का नुकसान
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या 42 निवासी नंदलाल माली ने अपने नोहरे में गोवंश के लिए छप्पर बना रखा था। इसी छप्परे में अज्ञात कारणों से आग लग गई।
दमकल की कार्रवाई से आग पर नियंत्रण तो पा लिया गया, लेकिन तब तक पूरा छप्पर जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में पीड़ित को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
युवाओं की सतर्कता से बचा गोवंश
आग की लपटें उठती देख मोहल्ले के कुछ युवाओं ने तत्परता दिखाते हुए नोहरे में मौजूद गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।






