रतनगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-11 (एनएच-11) पर टीडियासर टोल के पास गुरुवार को पाइपों से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
झुंझुनूं जा रहा था ट्रैक्टर
पुलिस के अनुसार, भिवानी जिले के लुहारू थाना क्षेत्र निवासी 44 वर्षीय महेश पिछले करीब आठ माह से तहसील के गांव नूवां निवासी ठेकेदार अनिल कुमार के पास एलएंडटी कंपनी के कार्य में लगा हुआ था।
गुरुवार को वह ट्रैक्टर में पाइप भरकर रतनगढ़ से झुंझुनूं जा रहा था। इसी दौरान एनएच-11 पर टीडियासर टोल के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
छोटे भाई की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज
पुलिस ने बताया कि मृतक के छोटे भाई दिनेश जाट की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पुलिस मामले की नियमानुसार जांच कर रही है।






