रतनगढ़ के वार्ड नंबर 28 में जर्जर बिजली केबलों के कारण लगातार बिजली ट्रिपिंग और उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों के विरोध में स्थानीय लोगों ने निवर्तमान पार्षद नंदकिशोर भार्गव के नेतृत्व में बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जल्द से जल्द केबल बदलने और विद्युत व्यवस्था सुधारने की मांग की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या से विभाग को पहले भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
750 मीटर केबल जर्जर, उपकरण खराब होने का खतरा
ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड 28 में करीब 750 मीटर लंबी बिजली की केबल पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। इसके चलते क्षेत्र में बार-बार बिजली ट्रिपिंग होती है, जिससे घरों में लगे महंगे इलेक्ट्रॉनिक और घरेलू उपकरण खराब होने का खतरा बना रहता है।
वार्डवासियों ने विभाग से तत्काल नई केबल लगाने की मांग करते हुए कहा कि समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक है।
अधिकारियों ने किया मौके का निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और जर्जर केबलों की स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि केबल बदलने के लिए आवश्यक सामग्री और ठेकेदार की व्यवस्था की जा रही है तथा आगामी 2 से 3 दिनों में कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
ट्रांसफार्मर समस्या पर भी दिया आश्वासन
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में ट्रांसफार्मर संबंधी समस्या का भी आकलन किया। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर नया ट्रांसफार्मर लगाने अथवा मौजूदा व्यवस्था में सुधार करने का भरोसा दिया।
इस दौरान मुकुल, अमित, भागीरथ, सीताराम, सम्पत, महेंद्र, संजय, महेश, मांगीलाल, राजकुमार, छोटूराम, धर्मेंद्र सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।






