चूरू जिला पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत रतननगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30.16 ग्राम अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अफीम के साथ एक सफेद रंग की एंडेवर गाड़ी भी जब्त की है।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
एनएच-52 पर नाकाबंदी के दौरान हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, एनएच-52 स्थित ऊंटवालिया चौराहा, रोही थैलासर पर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध एंडेवर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 30.16 ग्राम अफीम बरामद हुई।
इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पंजाब और हरियाणा के निवासी हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुश कुमार उर्फ सोनू, निवासी महुआना बोदला, फाजिल्का (पंजाब) तथा अमरिंदर सिंह, निवासी 66 डीसी कॉलोनी, हिसार (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
जांच जारी
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच उप निरीक्षक हंसराज गुर्जर को सौंपी गई है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुभाष चंद्र, हेड कांस्टेबल अनिता, नरेश कुमार, कांस्टेबल मुनेश कुमार, जितेंद्र कुमार तथा चालक कांस्टेबल अनिल कुमार की विशेष भूमिका रही।






