रतनगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में युवाओं में स्वावलंबन, व्यक्तित्व विकास और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भानीधोरा के पीछे स्थित मैदान में खेल कुंभ का आयोजन किया गया।
देशभर में चल रहे इस अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में नगर की 10 बस्तियों की लगभग 20 टीमों के करीब 180 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कबड्डी और रस्साकशी सहित हुए पारंपरिक खेल
खेल कुंभ में कबड्डी, रस्साकशी सहित विभिन्न पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में भगत सिंह बस्ती, वीर अर्जुन बस्ती और महाराणा प्रताप बस्ती की टीमें विजेता रहीं।
विजेता टीमों को मुख्य अतिथियों द्वारा भारत माता का चित्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
स्वस्थ और स्वावलंबी युवा ही राष्ट्र की शक्ति
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अभिनेश महर्षि रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भामाशाह भींवराज सोनी और जगदेव सांखोलिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह विभाग कार्यवाह संतोष कुमार ने की।
संतोष कुमार ने कहा कि भारत के समग्र विकास के लिए युवाओं का स्वस्थ, स्वावलंबी और ऊर्जावान होना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से खेलकूद, योग और प्राणायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने सामाजिक समरसता, संयुक्त परिवार, पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग तथा नागरिक कर्तव्यों के पालन को ‘पंच परिवर्तन’ बताते हुए इन्हें राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया।
बड़ी संख्या में रहे स्वयंसेवक और नागरिक
कबड्डी प्रतियोगिता के निर्णायक कन्हैयालाल चौमाल और नागरमल प्रजापत रहे।
कार्यक्रम में अर्जुन सिंह फ्रांसा, ओम महर्षि, महेश सैनी, बंटी नाथोलिया, नितिन कुमार, अरविंद मिश्रा, रामलाल स्वामी, अमित उपाध्याय, प्रवीण सिंवाल, बलवीर स्वामी, ओमप्रकाश जोशी, अरुण पचलंगिया, बादल महर्षि, उदय प्रकाश दाधीच, राजेंद्र प्रसाद चांदगोठिया, महेश जोशी, लोकेश मंगलहारा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन नगर कार्यवाह कृपाशंकर स्वामी ने किया।






