चूरू जिले के हमीरवास थाना क्षेत्र के भोजाण गांव में चोरों ने एक ही रात में तीन ट्यूबवेलों को निशाना बनाते हुए केबल से कॉपर वायर चोरी कर लिया। रविवार सुबह किसान जब खेतों में पहुंचे तो चोरी की घटना का पता चला। चोर केबल से तांबे के तार निकालकर ले गए, जबकि रबड़ का हिस्सा मौके पर ही छोड़ गए।
घटना से किसानों को आर्थिक नुकसान हुआ है और क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
तीन किसानों के ट्यूबवेल से चोरी
सामाजिक कार्यकर्ता एवं किसान नेता राजकुमार पूनियां ने बताया कि चोरों ने महावीर पूनियां, मनजीत बल्हारा और रणधीर गोस्वामी के खेतों में बने ट्यूबवेलों को निशाना बनाया।
बताया गया कि प्रत्येक ट्यूबवेल में डली करीब 300 फीट बिजली केबल से कॉपर वायर निकाल लिया गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी हुए कॉपर वायर की कीमत करीब एक लाख रुपये है।
पुलिस को दी सूचना, गश्त बढ़ाने की मांग
पीड़ित किसानों ने घटना की सूचना हमीरवास थाना पुलिस को दे दी है। मामले में सोमवार को औपचारिक रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





