सादुलपुर। कस्बे के सिधमुख मोड़ स्थित जाट नगर में रविवार रात एक किराये के मकान में चोरी की घटना सामने आई है। पीड़ित महिला का आरोप है कि अज्ञात समय पर मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर संदूक और अलमारी में रखे नगदी, आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए गए।
आभूषण और दस्तावेज चोरी होने का दावा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरम और उसकी बहन बबीता पिछले करीब दो माह से जाट नगर स्थित किराये के मकान में रह रही थीं।
पीड़िता के अनुसार, चोर सोने की बालाजी की मूर्ति, सोने की नाक की तिली, चांदी का हाथ का कड़ा, एक जोड़ी पायजेब, चार जोड़ी बिछिया, चार अंगूठियां, चांदी का मंगलसूत्र, बच्ची की पायजेब, जमीन से जुड़े दस्तावेज, 10वीं की अंकतालिका सहित अन्य जरूरी कागजात अपने साथ ले गए।
पति और जेठ पर लगाया आरोप
कोरम ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उसके पति ने उसकी मां मंजू को फोन कर स्वयं चोरी करने की बात कही। पीड़िता का कहना है कि चोरी की वारदात में उसके पति रमेश और जेठ पवन शामिल हैं।
महिला का यह भी आरोप है कि घटना के बाद से दोनों घर से फरार हैं।
पुलिस जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
फिलहाल मामले में पीड़िता ने अपने पति और जेठ पर आरोप लगाए हैं। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।






