चूरू जिले के सालासर थाना क्षेत्र के शोभासर गांव में खेत में बकरी चराने को लेकर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रविवार देर रात दो युवकों पर कथित रूप से लाठी और धारदार हथियारों से हमला किया गया। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सीकर रेफर किया गया है।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत में बकरी चराने से मना करने पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, शोभासर निवासी लिछमण पुत्र सुरजाराम नायक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि रविवार दोपहर उसके खेत में खड़ी फसल में गांव के ही कृष्ण नायक के बेटे सुरेश की बकरियां चर रही थीं। जब उन्हें ऐसा करने से मना किया गया तो कथित रूप से गाली-गलौच हुई।
रात में खेत पर सो रहे युवकों पर हमला
रिपोर्ट के अनुसार, रविवार रात करीब 11:30 बजे लिछमण का बेटा सुरेश और उसके भाई का बेटा विनोद खेत की रखवाली के लिए सो रहे थे। इसी दौरान कृष्ण नायक, सुनील नायक और अन्य लोग वहां पहुंचे और दोनों युवकों पर लाठी तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दोनों को छुड़ाया।
गंभीर हालत में सीकर रेफर
हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल सालासर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सीकर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।






