चूरू जिले के साण्डवा कस्बे में मई माह में हुई लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साण्डवा थाना पुलिस ने जांच के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को बीदासर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। साथ ही अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है, जिनके संबंध में जांच जारी है।
परिवार बाहर गया, पीछे से घर में हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, साण्डवा निवासी कमल किशोर ने 17 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 4 मई को वह अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए हुए थे।
वापस लौटने पर घर के ताले टूटे मिले और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। पीड़ित ने लाखों रुपये के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल फोन लोकेशन और पूछताछ के आधार पर साण्डवा निवासी सूर्यप्रकाश सोनी और विनीत शर्मा को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर बीदासर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
चोरी के जेवर जल्द बरामद होने की उम्मीद
मामले के जांच अधिकारी एएसआई पप्पूराम मीणा ने बताया कि दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में चोरी के माल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।
उन्होंने बताया कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए जाएंगे। जांच अभी जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।





