चूरू जिले के सांडवा थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा था।
मामले की जांच जारी है और आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
30 जुलाई को दर्ज हुआ था मामला
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि 30 जुलाई 2026 को परिवादी ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ एक शिक्षक द्वारा बहला-फुसलाकर घर ले जाने और जबरन दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कराया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
गिरफ्तारी से बचने के लिए बदल रहा था ठिकाने
पुलिस के अनुसार, आरोपी शिक्षक गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। अपनी लोकेशन छिपाने के उद्देश्य से उसने अपना मोबाइल फोन भी घर पर छोड़ दिया था।
जनता में मामले को लेकर आक्रोश और संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतपाल सिंह तथा वृत्ताधिकारी विजय कुमार के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई।
दो दिन की तलाश के बाद गिरफ्तारी
सांडवा थानाधिकारी महेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर लगातार दो दिनों तक आरोपी की तलाश की। इसके बाद आरोपी को दस्तयाब कर अनुसंधान अधिकारी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में कांस्टेबल सुभाष कुमार और सुरेंद्र कुमार की विशेष भूमिका रही।






