चूरू जिले के सरदारशहर स्थित कृष्णा कच्चा बस स्टैंड पर रविवार शाम बस चालकों और रेहड़ी संचालकों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। घटना के बाद बस स्टैंड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए बसों का संचालन भी प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

रेहड़ियां लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बसों के आगे रेहड़ियां लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इस दौरान रातूसर रूट की एक बस के चालक और परिचालक के साथ भी कथित रूप से हाथापाई हुई।

घटना से नाराज बस चालकों ने अपनी बसें रोक दीं, जिससे बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ लग गई और कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा।

बस यूनियन ने लगाए ये आरोप

बस यूनियन के सदस्य महेंद्र ने आरोप लगाया कि बस स्टैंड पर बसों के सामने रेहड़ियां लगा दी जाती हैं और बस रवाना होने के समय भी उन्हें नहीं हटाया जाता। उनका कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार पुलिस प्रशासन और नगर परिषद को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर परिषद ने रेहड़ी संचालकों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया है, इसके बावजूद कुछ लोग बसों के रास्ते में रेहड़ियां लगाते हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद बस संचालक सरदारशहर पुलिस थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई।

एएसआई धर्मवीर सिंह ने बताया कि बस स्टैंड पर भीड़ जमा होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को सामान्य कराया। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...