चूरू जिले के सरदारशहर में गिड़गिचिया रोड स्थित सिक्का मस्जिद के पास शनिवार रात करीब 9 बजे एक ही समाज के दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के दौरान लाठी-डंडों से हमला किए जाने का आरोप है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान 20 से अधिक लोग मोटरसाइकिलों और एक कैंपर वाहन में सवार होकर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
स्थानीय लोगों ने बताई घटना की जानकारी
स्थानीय निवासी यूनुस सब्जी फिरोस ने बताया कि अचानक 20 से 30 लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और साहिल नामक व्यक्ति पर हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। भीड़ बढ़ती देख हमलावर वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, आरोपियों की पहचान जारी
घटना की सूचना पर सरदारशहर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर घर भेजा और स्थिति को जल्द ही सामान्य कर दिया।
थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई ने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने रात के समय हथियारनुमा लाठी-डंडे लेकर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इससे शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सकेगी।






