चूरू जिले के सरदारशहर स्थित कच्चा बस स्टैंड पर व्यवस्थाओं को लेकर बस संचालकों और रेहड़ी संचालकों के बीच चल रहा विवाद अब आंदोलन में बदल गया है। मंगलवार को बस संचालकों ने बसों का चक्काजाम कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। वहीं, कच्चा बस स्टैंड व्यापार मंडल ने भी इस आंदोलन का समर्थन करते हुए धरना शुरू कर दिया।
बस संचालकों का कहना है कि कई बार प्रशासन को ज्ञापन देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।
मारपीट की घटना के बाद बढ़ा विवाद
बस यूनियन के अनुसार, कुछ दिन पहले बस स्टैंड पर रेहड़ी संचालकों और बस चालकों-कंडक्टरों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। इसके बाद सोमवार को बस संचालकों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की थी और कार्रवाई नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी दी थी।
मंगलवार को मांगें पूरी नहीं होने पर बस संचालकों ने हड़ताल शुरू कर दी।
बस यूनियन ने रखीं ये मांगें
बस यूनियन के अध्यक्ष विक्रम सिंह ने कहा कि बस स्टैंड की समस्याओं को लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दिए गए, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि बस स्टैंड की व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और आए दिन बस चालक, परिचालक तथा रेहड़ी संचालकों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक बस स्टैंड की व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
व्यापार मंडल भी धरने में शामिल
बस संचालकों के समर्थन में कच्चा बस स्टैंड व्यापार मंडल भी धरने पर बैठ गया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष आशीष कुड़ी ने कहा कि बस स्टैंड के निर्माण के समय सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बिगड़ चुकी है।
उन्होंने बताया कि बस स्टैंड परिसर में निराश्रित पशुओं की भरमार है, जिससे आए दिन लोग घायल हो रहे हैं। व्यापार मंडल ने नगर परिषद से बस स्टैंड की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
धरना स्थल पर बस संचालकों और व्यापारियों ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।






