चूरू जिले की सरदारशहर तहसील के मेलूसर बीकान स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ गणित अध्यापक रामलाल के स्थानांतरण के विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों का आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और विद्यार्थियों के परिजन उपखंड कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन कर स्थानांतरण आदेश निरस्त करने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने एसडीएम और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। उनका कहना है कि यदि निर्धारित समय में आदेश वापस नहीं लिया गया तो तीन गांवों के ग्रामीण विद्यालय में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।
“विद्यालय में गणित का एकमात्र शिक्षक था”
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में गणित विषय के केवल एक ही शिक्षक कार्यरत थे और उनका भी तबादला कर दिया गया। ऐसे में अब विद्यालय में गणित पढ़ाने वाला कोई शिक्षक नहीं बचा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इससे तीन गांवों के करीब 800 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होगी।
“शिक्षक के आने से सुधरे थे परीक्षा परिणाम”
ग्रामीण गजानंद पारीक ने बताया कि पहले कई वर्षों तक विद्यालय में गणित शिक्षक नहीं होने के कारण बोर्ड परीक्षा का परिणाम लगभग 33 प्रतिशत तक सीमित रह गया था।
उनका दावा है कि वरिष्ठ अध्यापक रामलाल के आने के बाद शिक्षण व्यवस्था में सुधार हुआ और बोर्ड परीक्षा परिणाम में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। ग्रामीणों के अनुसार, कई विद्यार्थियों ने गणित में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए, जबकि एक परीक्षा में 22 में से 19 विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मांग नहीं मानी तो तालाबंदी की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान सरपंच जैसाराम ने कहा कि बेहतर परिणाम देने वाले अनुभवी शिक्षक का तबादला विद्यार्थियों के हित में नहीं है। उन्होंने शिक्षा विभाग से विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए स्थानांतरण आदेश तत्काल निरस्त करने की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर उनकी मांग नहीं मानी गई तो मेलूसर बीकान सहित तीन गांवों के लोग विद्यालय में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन और शिक्षा विभाग की होगी।






