सरदारशहर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के कार्यकर्ताओं ने सरदारशहर में प्रदर्शन किया। एसबीडी राजकीय महाविद्यालय के बाहर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर नारेबाजी की तथा राष्ट्रपति के नाम महाविद्यालय की प्राचार्य कविता शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
एसएफआई ने लगाए गंभीर आरोप
ज्ञापन में एसएफआई ने आरोप लगाया कि दिल्ली में संसद मार्च के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया। संगठन ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के विरुद्ध बताया।
संगठन का कहना है कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और छात्रों के साथ इस प्रकार की कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
एसएफआई ने ज्ञापन के माध्यम से देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों पर भी चिंता जताई। संगठन ने आरोप लगाया कि इन घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
संगठन ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लिया जाए तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो छात्र संगठन देशभर में आंदोलन तेज करेगा।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान जिला महासचिव संदीप भारतीय, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र मेघवाल, तहसील अध्यक्ष अनिल बरोड़, भरतराज बरोड़, विक्रम तालनिया, आरिफ खान, लेखराम, मुरलीधर, अजय, खुशल वाल्मीकि, ओम प्रताप रामसीसर, मुकेश चारण सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






