चूरू जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद के निर्देश पर पुलिस थाना सुजानगढ़ और थाना सदर सुजानगढ़ की संयुक्त टीम ने नाकाबंदी तोड़कर पुलिस वाहन को टक्कर मारने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा, पांच मोबाइल फोन, एक नंबर प्लेट तथा वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार ऐसे हुई घटना
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की शाम सदर थाना सुजानगढ़ की उप निरीक्षक गीताराणी पुलिस जाब्ते के साथ गोपालपुरा रोड पर गश्त कर रही थीं। इस दौरान सड़क किनारे बिना नंबर की एक बोलेरो कैंपर खड़ी दिखाई दी, जिसमें चार संदिग्ध व्यक्ति बैठे थे।
पुलिस टीम को देखकर आरोपी वाहन लेकर मेगा हाईवे की ओर भाग निकले। आगे सुजानगढ़ थाना पुलिस की नाकाबंदी देखकर उन्होंने वाहन वापस मोड़ा और कथित रूप से पीछा कर रही पुलिस टीम के सरकारी वाहन को टक्कर मार दी। इस घटना में सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया तथा उप निरीक्षक गीताराणी और चालक कांस्टेबल देवाराम घायल हो गए।
संयुक्त कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतपाल सिंह और वृत्ताधिकारी दरजाराम बोस के निर्देशन में थाना प्रभारी मुकेश चंद के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए राकेश (24) पुत्र बाबूलाल, निवासी कटराथल, थाना दादिया (जिला सीकर) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी दादिया थाने में एक आपराधिक मामला दर्ज है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। बरामद हथियार और अन्य सामान को जब्त कर आगे की जांच जारी है।






