सुजानगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस नाकाबंदी तोड़कर पुलिस टीम पर कैंपर चढ़ाने और जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
कोतवाली थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है।
ये चार आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश राठौड़, अशोक मीणा, रमन भलाई और राकेश बावरी के रूप में हुई है।
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड मंजूर की गई, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की विस्तृत जांच की जा सके।
नाकाबंदी तोड़कर पुलिस टीम पर किया था हमला
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मेगा हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान कैंपर वाहन को नहीं रोका और पुलिस टीम पर वाहन चढ़ा दिया। इस घटना में पुलिसकर्मियों को चोटें आई थीं।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि हमला पुलिस टीम पर जानलेवा नीयत से किया गया था।
रिमांड में होगी गहन पूछताछ
पुलिस अब दो दिन की रिमांड के दौरान आरोपियों से बरामद देशी कट्टे के स्रोत, वारदात की साजिश, घटना में शामिल अन्य लोगों तथा संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ करेगी।
मामले में आगे की जांच जारी है।






