चूरू जिले के सुजानगढ़ सदर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर और तेज रफ्तार ट्रेलर की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्रैवलर अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसे में दो सगी बहनों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए।
घायलों को तत्काल सुजानगढ़ के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को सीकर रेफर किया गया।
कोलकाता से घूमने आए थे सभी श्रद्धालु
सदर थाना प्रभारी मुकुट बिहारी मीणा ने बताया कि हादसा नेशनल हाईवे-58 पर सालासर रोड स्थित बोबासर पुलिया के पास हुआ।
मृतकों की पहचान सुशीला साहू (70), उर्मिला साहू (65) और आनंदी कहार (16), सभी निवासी कोलकाता (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। सुशीला और उर्मिला आपस में सगी बहन थीं, जबकि आनंदी उनकी भतीजी की बेटी थी।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, ट्रेलर जसवंतगढ़ से सालासर की ओर जा रहा था, जबकि ट्रैवलर सालासर से पुष्कर जा रही थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बोबासर पुलिया के पास ट्रेलर चालक ने एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रैवलर उसकी चपेट में आ गई। टक्कर लगते ही ट्रैवलर पलट गई, जबकि ट्रेलर हाईवे किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए सड़क से नीचे लटक गया।
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जेसीबी की सहायता से ट्रेलर को सड़क किनारे हटवाया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खाटूश्यामजी और सालासर के दर्शन कर जा रहा था परिवार
घायल गंगाप्रसाद साहू ने बताया कि उनका परिवार 1 अगस्त को कोलकाता से जयपुर पहुंचा था। इसके बाद 2 अगस्त को खाटूश्यामजी के दर्शन किए और वहीं रात्रि विश्राम किया। सोमवार सुबह ट्रैवलर बुक कर परिवार पहले सालासर बालाजी के दर्शन के लिए पहुंचा और वहां से पुष्कर के लिए रवाना हुआ था।
ट्रैवलर चालक मोहनलाल सैनी के अनुसार, वाहन में चालक सहित 20 लोग, जिनमें चार बच्चे भी शामिल थे, सवार थे। उनका कहना है कि सामने से ओवरटेक कर रहे ट्रेलर के अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ।






