चूरू जिले के तारानगर क्षेत्र में मंगलवार को एक अज्ञात वाहन की टक्कर से हिरण गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुखवासी रोड स्थित नहर पुलिया के पास हुआ, जहां घायल हिरण सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर बालाजी गौ सेवा समिति की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसका रेस्क्यू किया और उपचार के लिए अपने सेवा केंद्र पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद एक स्थानीय किसान ने घायल हिरण को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और तुरंत बालाजी गौ सेवा समिति को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम
सूचना मिलते ही समिति के अध्यक्ष पवन स्वामी अपनी टीम और रेस्क्यू वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने घायल हिरण का प्राथमिक रेस्क्यू कर उसे साहवा रोड स्थित बालाजी गौ सेवा समिति परिसर पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।
समिति के सदस्यों ने बताया कि हिरण की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसे आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराई जा रही है।
वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर की अपील
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि ग्रामीण और वन्यजीव बहुल क्षेत्रों से गुजरते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा विशेष सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।






