राजकीय उप जिला अस्पताल तारानगर में कार्यरत एनजीओ स्टाफ ने पिछले चार माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में मंगलवार को अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। कर्मचारियों ने एक घंटे का कार्य बहिष्कार करने के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की।
कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से पूरी जिम्मेदारी के साथ अस्पताल में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन चार माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
वेतन नहीं मिलने से बढ़ीं आर्थिक परेशानियां
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि नियमित वेतन नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण करना और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि समय पर वेतन मिलना प्रत्येक कर्मचारी का अधिकार है और इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए।
भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
एनजीओ स्टाफ ने अस्पताल प्रशासन से लंबित वेतन जल्द जारी करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो सभी कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन पर विकास, दिलदार सिंह, उर्मिला, गणेश, प्रीति, मुस्कान, अंकित, रोहित, सुनील, कविता, सुखराम सहित कई कर्मचारियों के हस्ताक्षर हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में एनजीओ स्टाफ मौजूद रहा।






