Archive Notice: This article was originally published on 27 मई 2026.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

चूरू। चूरू जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत राजगढ़ पुलिस और डीएसटी (जिला स्पेशल टीम) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लोडेड अवैध देशी पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर हुई कार्रवाई

जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद ने बताया कि जिलेभर में अवैध हथियारों और तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी दौरान 26 मई को राजगढ़ कस्बे में 3-4 युवकों के संदिग्ध हालत में घूमने की सूचना मिली। सूचना में उनके पास अवैध हथियार होने की आशंका जताई गई थी।

बिजली बोर्ड के पास की घेराबंदी

सूचना मिलते ही एएसआई विक्रम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने बिजली बोर्ड के पास सड़क किनारे खड़े युवकों की घेराबंदी की। पुलिस वाहन देखकर आरोपी मोटरसाइकिल से भागने लगे, लेकिन घबराहट में बाइक स्टार्ट नहीं हो सकी।

इसके बाद पुलिस ने चारों को मौके पर ही दबोच लिया।

तलाशी में मिले हथियार

पुलिस तलाशी के दौरान:

  • रोहित उर्फ मेंटल के पास से 3 जिंदा कारतूस सहित एक लोडेड देशी पिस्टल,
  • राहुल के पास से 2 कारतूस सहित दूसरी लोडेड पिस्टल,
  • जबकि दीपक उर्फ संदीप के पास से 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए।

हरियाणा के रहने वाले हैं आरोपी

पूछताछ में आरोपियों की पहचान:

  • रोहित उर्फ मेंटल (22),
  • राहुल (20),
  • दीपक उर्फ संदीप (24) निवासी तिगड़ाना, भिवानी (हरियाणा)
  • तथा अमित (20) निवासी सिवाच, सिवानी (हरियाणा)

के रूप में हुई है।

पूछताछ में जुटी पुलिस

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। अब उनसे पूछताछ की जा रही है कि वे राजगढ़ में किस वारदात को अंजाम देने आए थे।

सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त

चूरू पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियारों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...