सीकर जिले के अजीतगढ़ थाना पुलिस ने धोखाधड़ी कर ट्रैक्टर हड़पने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कल्याण सिंह पुत्र मालसिंह, निवासी ढाणी डूंगरी की तन आंगरी, ग्राम गणेश्वर, थाना सदर नीमकाथाना को गिरफ्तार कर मामले में पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई अभियोग संख्या 173/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 316(2) के तहत की गई।
किराये पर ट्रैक्टर लेकर नहीं लौटाया
अजीतगढ़ थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि परिवादी छगनराम गुर्जर पुत्र भगवाना राम, निवासी सांवलपुरा तंवरान, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ट्रैक्टर नंबर RJ 23 RD 0536 को किराये पर ले जाने के बहाने अपने साथ ले गया। आरोप है कि आरोपी ने न तो किराया राशि का भुगतान किया और न ही ट्रैक्टर वापस लौटाया।
रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विशेष अभियान के तहत हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज राहुल प्रकाश तथा सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमकाथाना के सुपरविजन तथा अजीतगढ़ वृत्ताधिकारी प्रेम बहादुर निर्भय के निर्देशन में थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सूचना एवं मुखबिर की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।






