सीकर केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की अजीतगढ़ शाखा ने शनिवार को सहकार दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत स्वर्गीय रामेश्वर प्रसाद बरगढ़ के नाम स्वीकृत 10 लाख रुपये की बीमा दावा राशि उनकी धर्मपत्नी एवं नामिनी सरोज गुर्जर को प्रदान की। दावा स्वीकृत होने के बाद बैंक द्वारा नियमानुसार राशि का भुगतान किया गया।
संकट की घड़ी में आर्थिक संबल: शाखा प्रबंधक
शाखा प्रबंधक राहुल मुरारिया ने कहा कि सहकार दुर्घटना बीमा योजना सदस्य और उनके परिवार को संकट की स्थिति में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने स्वर्गीय रामेश्वर प्रसाद बरगढ़ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा उनके परिवार के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बैंक कर्मियों की रही मौजूदगी
बीमा दावा राशि वितरण के दौरान कैशियर विजय मीणा, बैंकिंग सहायक नरेश माँठ, महेंद्र कुमार लील (सहायक) तथा समिति व्यवस्थापक राकेश कुमार पारीक और दीपेंद्र सिंह शेखावत उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बैंक कार्मिकों ने सरोज गुर्जर को बीमा राशि का भुगतान सौंपने के साथ बैंक की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।






