फतेहपुर (सीकर)। फतेहपुर क्षेत्र के मरडाटू बड़ी स्थित चौमाल परिवार की दो बहुओं ने संस्कृत विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयनित होकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अनुपमा पाठक ने 14वीं रैंक तथा प्रेमलता पाठक ने 36वीं रैंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है।
परिवार की दो बहुओं ने बढ़ाया गौरव
अनुपमा पाठक पंडित देवीदत्त शर्मा के सबसे छोटे पुत्र जितेंद्र कुमार शर्मा की धर्मपत्नी हैं, जबकि प्रेमलता पाठक उनके सबसे बड़े पुत्र विजय शर्मा की धर्मपत्नी हैं।
दोनों की सफलता से चौमाल परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
पहले से राजकीय सेवा में हैं कार्यरत
दोनों चयनित अभ्यर्थी पहले से ही शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रही हैं। वर्तमान में अनुपमा पाठक वरिष्ठ अध्यापक (संस्कृत) के पद पर कार्यरत हैं, जबकि प्रेमलता पाठक व्याख्याता (संस्कृत) के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
परिवार के अनुसार दोनों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयासों के बल पर यह सफलता प्राप्त की है।
क्षेत्र के लिए बनी प्रेरणा
परिवार का कहना है कि यह उपलब्धि केवल चौमाल परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि ग्राम मरडाटू बड़ी, फतेहपुर और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनका मानना है कि दोनों की सफलता समाज की बहुओं और बेटियों को शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
परिवार ने जताया आभार
चौमाल परिवार ने इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों के आशीर्वाद एवं सहयोग को दिया है। परिवारजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।






