सीकर जिले के फतेहपुर क्षेत्र में देर रात एक और भीषण सड़क हादसा हो गया। रात करीब 1 बजे हरसावा मेन बस स्टैंड के पास स्विफ्ट कार और स्लीपर बस की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार के उड़े परखच्चे, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद धानुका अस्पताल, फतेहपुर में भर्ती कराया गया।
दो दिन में आधा दर्जन सड़क हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों में फतेहपुर क्षेत्र में करीब आधा दर्जन सड़क हादसे हो चुके हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।
पुलिस जुटी जांच में
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर टक्कर के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






