सीकर जिले के फतेहपुर-लक्ष्मणगढ़ मार्ग पर स्थित हरसावा गांव के पास सोमवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। यहां चौधरी घडसीराम स्कूल की बस और जैन ट्रेवल्स की निजी बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूल बस के आगे के शीशे पूरी तरह टूट गए, जबकि निजी बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे।
राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री, स्कूली बच्चे या बस कर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बसें आमने-सामने से गुजर रही थीं, तभी किसी कारणवश उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसके शीशे चकनाचूर हो गए।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में सहयोग किया।
कुछ देर बाधित रहा यातायात
दुर्घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। बाद में वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हरसावा क्षेत्र में पूर्व में भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।






