फतेहपुर क्षेत्र में हाईवे पर रविवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब गंगानगर डिपो की राजस्थान रोडवेज बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। बस में करीब 50 से अधिक यात्री सवार थे। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को हाईवे से नीचे बीहड़ की ओर मोड़ दिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
बस रुकने के बाद यात्रियों को इमरजेंसी दरवाजे के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया।
चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ब्रेक फेल होने के बाद बस अनियंत्रित होने लगी थी। ऐसे में चालक ने संयम बनाए रखा और बस को सड़क से नीचे सुरक्षित दिशा में ले जाकर रोकने का प्रयास किया।
इस दौरान बस बीहड़ में जाकर रुक गई, जिससे यात्रियों की जान बच गई।
इमरजेंसी गेट से निकाले गए यात्री
बस रुकने के बाद चालक और अन्य लोगों की मदद से सभी यात्रियों को इमरजेंसी एग्जिट के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कोई जनहानि नहीं हुई।






