सीकर जिले के फतेहपुर-सालासर नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान फतेहपुर के सरदारपुरा निवासी भवानी सिंह पुत्र उम्मेद सिंह के रूप में हुई है। वह पेशे से मैकेनिक था।
जानकारी के अनुसार भवानी सिंह फतेहपुर-सालासर नेशनल हाईवे पर किसी कार्य से जा रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल राजकीय उप जिला अस्पताल, फतेहपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।






