फतेहपुर। झुंझुनूं-फतेहपुर मार्ग पर स्थित ताजसर गांव में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। हाईवे पर चल रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और सीधे सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान की दीवार टूट गई और ट्रक घर के भीतर तक पहुंच गया।
नाले ने कम की रफ्तार, टली जनहानि
स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान से पहले बने बड़े नाले से गुजरने के दौरान ट्रक की रफ्तार कुछ कम हो गई। इसी वजह से बड़ा हादसा टल गया। बताया गया कि घटना के समय घर के चौक में लोग सो रहे थे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए।
हादसे में मकान के भीतर खड़ी एक बाइक सहित अन्य घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में गंभीर हादसे हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से हाईवे पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की।






