सीकर जिले के नेछवा थाना क्षेत्र के गनेड़ी गांव स्थित श्री जानकीनाथ मंदिर के महंत श्री रामप्रपनाचार्य पर कथित हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला राधा शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले में विस्तृत पूछताछ और अनुसंधान जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज राहुल प्रकाश, पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा वृत्ताधिकारी लक्ष्मणगढ़ के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने की। नेछवा थानाधिकारी कैलाश चंद्र यादव के नेतृत्व में टीम ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया।

महंत ने लगाए गंभीर आरोप

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 4 जुलाई की सुबह जानकीनाथ मंदिर के महंत श्री रामप्रपनाचार्य अपने पुत्र गोविंद के साथ मंदिर की भूमि पर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कमल और राधा शर्मा ने कुल्हाड़ी व हथौड़े से उन पर हमला कर दिया।

रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि महंत के साथ मारपीट की गई, उनके कपड़े फाड़े गए तथा बचाव करने आए उनके पुत्र गोविंद पर हथौड़े से हमला कर उसका हाथ तोड़ दिया गया। घायल पिता-पुत्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से गोविंद को गंभीर हालत में सीकर रेफर किया गया।

तोड़फोड़ और हंगामे के भी आरोप

एफआईआर के अनुसार, घटना के दौरान अन्य आरोपियों पर मंदिर परिसर के बाहर हंगामा करने और तोड़फोड़ का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। महंत के भतीजे पर भी कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने इस संबंध में प्रकरण संख्या 113/2026 दर्ज कर जांच शुरू की है।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा मामला

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद साधु-संतों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

नेछवा थाना पुलिस का कहना है कि मामले में गिरफ्तार महिला से पूछताछ जारी है तथा सभी तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...