सीकर विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आधारभूत विकास कार्यों की समीक्षा के लिए मंगलवार को जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं श्री श्याम मंदिर कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ विकास परियोजनाओं, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पूरे कस्बे का होगा सेफ्टी ऑडिट

जिला कलेक्टर ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के अधिकारियों को कस्बे में स्थित सभी विद्युत पोलों का भौतिक सत्यापन कर तीन दिन में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही जहां भी लापरवाही सामने आए, वहां जिम्मेदारी तय करने के लिए कहा।

उन्होंने नगर पालिका और विद्युत विभाग को संयुक्त रूप से पूरे खाटूश्यामजी कस्बे का व्यापक सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए।

सांवलपुरा पार्किंग के विकास की बनेगी योजना

बैठक में सांवलपुरा पार्किंग को विकसित करने पर भी चर्चा हुई। जिला कलेक्टर ने पार्किंग में फेंसिंग, प्रकाश व्यवस्था, आंतरिक सड़क, सीसीटीवी, गार्ड रूम तथा प्रवेश-निकास द्वार सहित विभिन्न सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके लिए दांतारामगढ़ उपखंड अधिकारी को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कराने को कहा गया।

क्यूआर कोड आधारित सूचना और पास सिस्टम पर जोर

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टर ने अलोदा तिराहा, लामिया तिराहा और खोया-पाया केंद्र के पास क्यूआर कोड आधारित सूचना एवं सहायता प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा मंदिर क्षेत्र में क्यूआर कोड आधारित पास सिस्टम तैयार करने तथा वीआईपी आगंतुकों की ऑनलाइन एंट्री का रिकॉर्ड रखने के लिए भी कार्ययोजना बनाने को कहा गया।

सफाई, फूलों के पुनः उपयोग और ड्रेनेज व्यवस्था पर निर्देश

जिला कलेक्टर ने नगर पालिका को मंदिर क्षेत्र की 300 मीटर परिधि में प्रतिदिन चार चरणों में सफाई सुनिश्चित करने, सेवक गेट के पास कारपेट बिछाने तथा मंदिर में चढ़ाए जाने वाले फूलों के पुनः उपयोग के लिए राजीविका स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हर्बल गुलाल एवं अन्य उत्पाद तैयार करने की योजना बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को 10 दिन में ड्रेनेज डिज़ाइन तैयार कर नगर पालिका को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था विकसित की जा सके।

वेंडिंग जोन और नो व्हीकल जोन का प्रस्ताव तैयार होगा

बैठक में नगर पालिका क्षेत्र में वेंडिंग जोन और नॉन-वेंडिंग जोन चिन्हित कर सूचना एवं साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही राजू की चैन, अस्पताल चौराहा और तोरण द्वार तक के क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित करने के लिए पुलिस विभाग और नगर पालिका को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

कई अधिकारी और मंदिर समिति के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा, श्री श्याम मंदिर कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, मंदिर प्रबंधक संतोष शर्मा, दांतारामगढ़ एसडीएम अमृता खंडेलवाल, थाना प्रभारी इन्द्राज मरोड़िया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मंदिर समिति के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...