विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए ई-रिक्शा संचालन के नए नियम लागू किए गए हैं। सीकर जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ई-रिक्शा संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में तय किया गया कि अब ई-रिक्शा केवल निर्धारित पांच रूटों पर ही संचालित होंगे। प्रत्येक रूट के लिए अलग-अलग कलर कोड स्टीकर जारी किए जाएंगे और थाना स्तर पर ई-रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके अलावा ई-रिक्शा का किराया और सवारियों की अधिकतम संख्या भी निर्धारित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा मिल सके।

जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि शनिवार, रविवार, एकादशी, द्वादशी तथा विशेष पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। सभी ई-रिक्शा चालकों के लिए वाहन की आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, पहचान पत्र और मोबाइल नंबर के साथ संबंधित थाने में पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। स्वयं के ई-रिक्शा से आजीविका चलाने वाले चालकों को प्राथमिकता दी जाएगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नियमों का तीन बार उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों की संचालन अनुमति निरस्त की जा सकेगी। वहीं, रींगस से आने वाले ई-रिक्शा सामान्य दिनों में केवल खाटू डाइवर्जन तक और विशेष पर्वों के दौरान गोल्डन वाटर पार्क तक ही संचालित किए जाएंगे।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक गर्ग, पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार जांगिड़, खाटूश्यामजी थानाधिकारी इन्द्राज मरोड़िया, यातायात प्रभारी रामावतार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में ई-रिक्शा संचालक उपस्थित रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...