पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय, पाटन (सीकर) में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यालय प्रशासन ने सीकर जिले के कक्षा 5 में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं से 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य नारायण सिंह ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
28 नवंबर को होगी प्रवेश परीक्षा
प्राचार्य ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) का आयोजन 28 नवंबर 2026 (शनिवार) को किया जाएगा। परीक्षा के आधार पर सफल विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6 में प्रवेश दिया जाएगा।
पूरी तरह निःशुल्क है शिक्षा
पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय, पाटन केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित पूर्णतः आवासीय विद्यालय है। यहां छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास की व्यवस्था उपलब्ध है।
विद्यालय में चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा, भोजन, विद्यालय गणवेश तथा दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज और पात्रता
ऑनलाइन आवेदन के दौरान अभ्यर्थी का फोटो, आधार कार्ड, तथा अभ्यर्थी और अभिभावक के हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य होगा। विद्यार्थी स्वयं भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश के लिए वही छात्र-छात्राएं पात्र होंगे जिनकी जन्म तिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियां सहित) के बीच है और जो वर्तमान में सीकर जिले में कक्षा 5 में अध्ययनरत हैं।
विद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने तथा पात्रता और अन्य दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त करने की अपील की है।






