भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) पोर्टल पर युवाओं का अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को सीकर कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में अभियान को और तेज करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को पोर्टल से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
15 अगस्त तक प्रदेश में पहला स्थान हासिल करने का लक्ष्य
एडीएम भावना शर्मा ने बताया कि जिले में अब तक 99 हजार से अधिक युवाओं का पंजीकरण हो चुका है और इस उपलब्धि के साथ सीकर राजस्थान में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने सभी विभागों और संस्थानों से समन्वित प्रयास करते हुए 15 अगस्त तक सीकर को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने का लक्ष्य पूरा करने का आह्वान किया।
युवाओं को मिलेंगे कई सरकारी अवसर
उन्होंने बताया कि पोर्टल पर सरकारी विभागों और संस्थानों को भी ऑनबोर्ड किया जा रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, छात्रवृत्तियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, इंटर्नशिप, स्वयंसेवी गतिविधियों और शैक्षणिक भ्रमण जैसी सुविधाओं और अवसरों की जानकारी एवं लाभ मिलेगा।
बैठक में सभी विभागों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में एक नोडल अधिकारी और एक कैंपस एंबेसडर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए।
1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलेगा अभियान
जिला युवा अधिकारी मोहित कुमार ने बताया कि 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी शैक्षणिक संस्थानों और संबंधित विभागों से अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी किरण सैनी, जूनियर रोजगार अधिकारी राकेश कुमार लाटा, विष्णु अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।






