सीकर, राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए वर्ष 2026-27 के लिए संचालित राजकीय एवं अनुदानित विद्यालय स्तरीय छात्रावासों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक विद्यार्थी 31 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
उप निदेशक प्रियंका पारीक ने बताया कि छात्रावास प्रवेश प्रक्रिया 27 मार्च 2026 से शुरू हुई थी। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित थी, जिसे बाद में 30 जून तक बढ़ाया गया था। अब अधिकाधिक विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर देने के लिए इसे पुनः बढ़ाकर 31 जुलाई 2026 कर दिया गया है।
SSO पोर्टल के माध्यम से करना होगा आवेदन
विभाग के अनुसार छात्रावास में नवीन प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी SSO Rajasthan पोर्टल पर SJMS के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है, जिससे विद्यार्थियों को सुविधा मिल सके।
वेबसाइट पर उपलब्ध हैं सभी दिशा-निर्देश
विभाग ने बताया कि छात्रावास प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है ताकि अंतिम समय की परेशानी से बचा जा सके।






