राजस्थान समान नागरिकता संहिता-2026 के संबंध में आमजन और विभिन्न वर्गों से सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से 10 जुलाई 2026 को सीकर में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि जनसुनवाई का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा।
जनसुनवाई के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने जिला स्तरीय जनसुनवाई समिति का भी गठन किया है।
दो चरणों में होगी जनसुनवाई
जिला कलेक्टर के अनुसार जनसुनवाई का पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगा। इसमें सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि, नगर परिषद सभापति, नगरपालिका अध्यक्ष, जिला प्रमुख, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, विधि विशेषज्ञ, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा भारत निर्वाचन आयोग से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
आम नागरिक भी रख सकेंगे अपनी बात
दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले के आम नागरिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्थान समान नागरिकता संहिता-2026 के संबंध में अपने सुझाव और अभिमत प्रस्तुत कर सकेंगे।
जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से इस जनसुनवाई में भाग लेकर अपने विचार साझा करने की अपील की है।






