राजपूत सभा सीकर की वार्षिक बैठक रविवार को रामसिंह पिपराली की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के वार्षिक प्रतिवेदन, वित्तीय विवरण और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठन को गांव और तहसील स्तर तक मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में महामंत्री गजेंद्र सिंह राजास ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए एसआईआर फॉर्म प्रगति रिपोर्ट, चल-अचल संपत्तियों की सूची, सरकारी पट्टा सूची तथा वार्षिक आय-व्यय का विवरण सदस्यों के समक्ष रखा।
31 जुलाई तक बनेगी महिला विंग
बैठक में समाज के प्रत्येक कार्यक्रम में मातृ शक्ति की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 31 जुलाई से पहले जिला एवं तहसील स्तर पर महिला विंग का गठन करने का निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही जिले की सभी तहसीलों के गांवों में ग्राम इकाइयों का गठन कर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने पर भी सहमति बनी।
युवाओं के कौशल विकास पर रहेगा फोकस
बैठक में ग्राम स्तर पर युवाओं को जागरूक करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने समाज के युवाओं की रचनात्मक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
जालिम सिंह आसपुरा को दी श्रद्धांजलि
बैठक के दौरान भवानी निकेतन शिक्षा ट्रस्ट के संरक्षक जालिम सिंह आसपुरा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर गिरवर सिंह झाझड़, दशरथ सिंह, मगन सिंह मंढ़ा, अमर सिंह दीनवा, बहादुर सिंह सिंहासन, सुरेंद्र सिंह, भवानी सिंह राठौड़, भंवर सिंह तासर, गिरधारी सिंह नाथावत सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जयपाल सिंह तारपुरा ने किया।






