सीकर जिले के रामगढ़ शेखावाटी में एनएच-52 स्थित जुगल जी पेट्रोल पंप के पास शनिवार रात हुए सड़क हादसे में 29 वर्षीय कैलाश सेवदा की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब चूरू की ओर जा रही एक वैगनआर कार के सामने अचानक गाय आ गई। चालक ने ब्रेक लगाए तो वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रही बाइक पर जा गिरा।
हादसे में बाइक सवार दो युवक और कार में सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया।
भतीजी के जन्मदिन का केक लेने जा रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, कैलाश सेवदा और तेजपाल बाइक से अपनी भतीजी के जन्मदिन के लिए केक लेने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक हादसे की चपेट में आ गई।
राजकीय अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने कैलाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों में से दो को प्राथमिक उपचार के बाद चूरू रेफर किया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कैलाश सेवदा अपने माता-पिता के छोटे बेटे थे। उनके बड़े भाई सरकारी शिक्षक हैं। परिजनों के अनुसार, कैलाश सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे और उनका विवाह करीब दो वर्ष पहले चूरू में हुआ था।
करीब 15 दिन पहले ही उनके घर पुत्र का जन्म हुआ था। इस हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
घायलों की हालत में सुधार
हादसे में घायल अन्य युवकों को बेहतर उपचार के लिए चूरू रेफर किया गया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।






