रामगढ़ शेखावाटी। कस्बे के बाईपास मार्ग स्थित करंट के बालाजी मंदिर के सामने शनिवार रात करीब 8:30 बजे दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, सफेद रंग की कार में सवार दो युवकों का नया बस स्टैंड से ही काले रंग की एक कार में सवार कुछ युवक पीछा कर रहे थे।
दोनों वाहन तेज रफ्तार से बाईपास की ओर पहुंचे। इसी दौरान करंट के बालाजी मंदिर के सामने सफेद कार सड़क किनारे बने एक पिलर से टकराकर रुक गई।
लाठी-सरियों से हमला, कार के शीशे तोड़े
कार रुकते ही पीछे आ रही कार से दो से तीन युवक नीचे उतरे और सफेद कार में सवार युवकों पर लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से हमला कर दिया।
घटना में एक युवक घायल हो गया, जबकि दूसरा युवक कार के अंदर खुद को बंद कर लेने के कारण गंभीर चोट से बच गया। हमलावरों ने कार के आगे, पीछे और साइड के शीशे भी तोड़ दिए।
वारदात के बाद दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए।
मौके पर लगी लोगों की भीड़
घटना के दौरान नया बस स्टैंड से बाईपास तक दोनों वाहन तेज रफ्तार से दौड़ते रहे, जिससे राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और यात्री एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर थानाधिकारी अमरसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस दोनों वाहनों में सवार युवकों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
बड़ा हादसा टल गया
घटना जिस स्थान पर हुई, वहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपनी बाइक और स्कूटी खड़ी करते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि कार कुछ दूरी और आगे बढ़ जाती तो कई वाहन उसकी चपेट में आ सकते थे, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
इसी तरह, नया बस स्टैंड से बाईपास तक तेज रफ्तार से दौड़ रहे वाहनों की चपेट में कोई राहगीर या दोपहिया वाहन चालक आ जाता तो गंभीर दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान, हमले के कारण और दोनों पक्षों के बीच विवाद की वजह का पता लगाया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






