सीकर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी), स्नातकोत्तर (पीजी) और विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 23 जुलाई से बढ़ाकर 30 जुलाई 2026 कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार अभ्यर्थी अब 30 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
एआई-एमएल, साइबर लॉ और डिजिटल फोरेंसिक में पीजी डिप्लोमा का अवसर
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय ने बताया कि रोजगारपरक और स्किल आधारित पाठ्यक्रमों की बढ़ती मांग को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। इस सत्र में स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों के लिए पीजी डिप्लोमा इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग (AI & ML), पीजी डिप्लोमा इन डिजिटल फोरेंसिक तथा पीजी डिप्लोमा इन साइबर सिक्योरिटी एंड साइबर लॉ जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष से विश्वविद्यालय ने स्नातक स्तर पर बीबीए, बीसीए और बीए इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (बीए-जेएमसी) में भी प्रवेश शुरू किए हैं। इस बार पीजी के नए और वर्तमान विद्यार्थी पीजी पाठ्यक्रम के साथ पीजी डिप्लोमा में भी प्रवेश ले सकेंगे।
अंतिम सेमेस्टर के विद्यार्थी भी कर सकेंगे आवेदन
विश्वविद्यालय के अध्ययन प्रभारी डॉ. आर.सी. मीना ने बताया कि अंतिम सेमेस्टर में अध्ययनरत विद्यार्थी भी प्रवेश के लिए आवेदन करने के पात्र हैं।
उन्होंने बताया कि रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में एमएससी फॉरेंसिक साइंस, पीजी डिप्लोमा इन डिजिटल फोरेंसिक, पीजी डिप्लोमा इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग, पीजी डिप्लोमा इन साइबर सिक्योरिटी एंड साइबर लॉ, बीए-जेएमसी, बीबीए, बीसीए तथा डिप्लोमा इन डिजाइन में प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
इन पीजी पाठ्यक्रमों में भी चल रहे हैं प्रवेश
विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर पर एमए (जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन), एमसीए, एलएलएम, एमए (हिंदी, अंग्रेजी, भूगोल, इतिहास, राजनीति विज्ञान एवं योग), एमएससी (फिजिक्स, केमिस्ट्री, बॉटनी, जूलॉजी, मैथेमेटिक्स एवं योग) तथा एमकॉम (ईएएफएम, बीएडीएम और एबीएसटी) सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 30 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।






