सीकर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से नगर परिषद सीकर और यातायात पुलिस ने मंगलवार को संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान दंग की नसियां और आसपास की गलियों में सड़क एवं फुटपाथ पर लगाए गए रेहड़ी-ठेलों को हटवाकर व्यवस्थित कराया गया।

सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत

नगर परिषद के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देशानुसार चलाए गए अभियान का नेतृत्व अतिक्रमण प्रभारी प्रमोद सोनी, शहर कोतवाल सुनील जांगिड़ और यातायात प्रभारी मनोज कुमार ने किया।

नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार और सुबेदार राकेश कुमार ने दंग की नसियां क्षेत्र का निरीक्षण कर फल, फ्रूट एवं सब्जी विक्रेताओं को सड़क और फुटपाथ पर रेहड़ी-ठेले नहीं लगाने की समझाइश दी। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण से आमजन और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है।

दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी कार्रवाई

वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि समझाइश के बावजूद यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाने के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने शहरवासियों से किया सहयोग का आह्वान

अभियान के दौरान नगर परिषद की प्रवर्तन टीम, संबंधित जोन निरीक्षक तथा अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

नगर परिषद और यातायात पुलिस ने शहरवासियों एवं व्यापारियों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से बचें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम बनाया जा सके।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...