सीकर, आत्मा (ATMA) योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा प्रिया झाझड़िया ने बताया कि पात्र किसानों से 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

योजना के तहत पंचायत समिति, जिला और राज्य स्तर पर श्रेष्ठ किसानों का चयन कर उन्हें नकद पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया जाएगा।


इन छह क्षेत्रों के किसानों को मिलेगा सम्मान

आत्मा योजना के तहत कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन, जैविक खेती और नवाचारी खेती में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों का चयन किया जाएगा।

सबसे पहले प्रत्येक पंचायत समिति से प्रत्येक गतिविधि में एक-एक किसान का चयन होगा। इसके बाद जिला स्तर पर सर्वश्रेष्ठ किसानों का चयन किया जाएगा और अंत में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित किया जाएगा।


राज्य स्तर पर मिलेगा 50 हजार रुपये का पुरस्कार

योजना के तहत पंचायत समिति स्तर पर चयनित किसानों को 10 हजार रुपये, जिला स्तर पर 25 हजार रुपये और राज्य स्तर पर चयनित किसानों को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

पंचायत समिति और जिला स्तर पर किसानों का चयन जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित आत्मा शासी परिषद द्वारा किया जाएगा।


30 अक्टूबर तक करें आवेदन

योजना के लिए किसान स्वयं आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचित जनप्रतिनिधि, संस्था या कोई अन्य व्यक्ति भी पात्र किसान का प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकता है।

आवेदन के साथ कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों का विवरण, फोटोग्राफ तथा पेन ड्राइव संलग्न कर 30 अक्टूबर 2026 तक संबंधित कृषि कार्यालय में जमा करना होगा।


ये किसान नहीं होंगे पात्र

विभाग के अनुसार वर्ष 2009-10 से 2025-26 के बीच आत्मा योजना अथवा किसी अन्य योजना के तहत सम्मानित हो चुके किसान इस पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे।

योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए किसान अपने नजदीकी कृषि कार्यालय, कृषि पर्यवेक्षक, सहायक कृषि अधिकारी या उप निदेशक कृषि कार्यालय, सीकर से संपर्क कर सकते हैं।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...