जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार सोमवार को उपखंड कार्यालय सीकर में ब्लॉक स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी सुशील कुमार ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, ग्रामीण सेवा शिविरों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपखंड अधिकारी ने अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपर्क पोर्टल की शिकायतों पर जताई नाराजगी
बैठक में सबसे पहले संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवादों की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान शिक्षा, राजस्व, सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) तथा पंचायतीराज विभाग में लंबित शिकायतों पर उपखंड अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा सिविक एमेनिटीज से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
ग्रामीण सेवा शिविर और एनएफएसए की भी समीक्षा
बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत पात्र लाभार्थियों को खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके साथ ही वर्तमान में संचालित ग्रामीण सेवा शिविरों की प्रगति का भी आकलन किया गया।
उपखंड अधिकारी ने शिविरों में आने वाले आमजन के प्रकरणों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
‘हरियालो राजस्थान’ अभियान की सराहना
बैठक में पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना की भी समीक्षा की गई। ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान में ब्लॉक स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
बैठक में तहसीलदार अनिरुद्ध देव पांडे, विकास अधिकारी राजूराम, प्रवर्तन अधिकारी सुनीता वर्मा, सहायक अभियंता नीरज, बीसीएमएचओ डॉ. अजीत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।






