सीकर शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, यातायात शाखा और नगर परिषद ने संयुक्त रूप से बसों के ठहराव स्थलों में बदलाव किया है। नई व्यवस्था जिला कलेक्टर के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक की समीक्षा के बाद तैयार कार्ययोजना के तहत लागू की गई है।
इन बसों के ठहराव में किया गया बदलाव
यातायात प्रभारी टीआई मनोज कुमार ने बताया कि बजरंग कांटा-बजाज सर्किल पर रुकने वाली बसों तथा कुचामन मार्ग की बसों का नया ठहराव अब नगर परिषद कार्यालय के सामने स्थित संतोषी माता मंदिर के पास निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा रोडवेज, निजी बसों और शहर में संचालित सिटी बसों का ठहराव भी नगर परिषद के समीप स्थानांतरित किया गया है। वहीं डीओ कार्यालय के पास सिटी बसों के लिए भी ठहराव निर्धारित किया गया है।
रिलायंस मॉल क्षेत्र में बसों के खड़े होने पर रोक
नई व्यवस्था के तहत रिलायंस मॉल क्षेत्र में किसी भी बस के खड़े होने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन का मानना है कि इससे मुख्य मार्ग पर लगने वाले जाम में कमी आएगी और यातायात सुचारु रूप से संचालित होगा।
नगर परिषद और यातायात पुलिस के संयुक्त प्रयास से बजरंग कांटा और रिलायंस मॉल क्षेत्र में रुकने वाली बसों को भी संतोषी माता मंदिर के बाहर निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित किया गया है।
अतिक्रमण नहीं करने की अपील
नगर परिषद के अतिक्रमण अधिकारी प्रमोद सोनी ने शहरवासियों, व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी संचालकों से सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण नहीं करने तथा निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय संचालित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्गों को अवरुद्ध करने से विद्यार्थियों, राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है।
जनसहभागिता से बनेगा जाममुक्त शहर
नगर परिषद के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि शहर की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को देखते हुए यह निर्णय आमजन की सुविधा और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए लिया गया है। उन्होंने नागरिकों से नई यातायात व्यवस्था का पालन करने, प्रशासन का सहयोग करने तथा सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से बचने की अपील की।
इस दौरान नगर परिषद की प्रवर्तन टीम और यातायात पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।






