अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

सीकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री संपर्क पोर्टल एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त परिवादों की समीक्षा करते हुए शिकायतकर्ताओं से स्वयं फोन पर बात कर समस्याओं के निस्तारण की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए लंबित मामलों का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

कचरा संग्रहण की शिकायत पर आयुक्त को मौके पर निरीक्षण के निर्देश

वार्ड संख्या 65 निवासी बबलू ने न्यू शेखावाटी कॉलोनी, फतेहपुर रोड स्थित मदनी महल के सामने नियमित रूप से कचरा संग्रहण वाहन नहीं आने की शिकायत की। इस पर जिला कलेक्टर ने नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा को संबंधित क्षेत्र का स्वयं निरीक्षण कर शिकायतकर्ता से संवाद करने तथा नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कई शिकायतकर्ताओं ने बताया, समस्या का हो चुका है समाधान

वार्ड संख्या 14 की अनू अग्रवाल ने पड़ोसी द्वारा अवैध गटर निर्माण की शिकायत के संबंध में बताया कि 30 जून को कार्रवाई हो चुकी है और अब वे संतुष्ट हैं।

इसी प्रकार लोसल के वार्ड संख्या 30 निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि कचरा निस्तारण संबंधी उनकी शिकायत का समाधान हो गया है। इस पर जिला कलेक्टर ने उन्हें भविष्य में समस्या होने पर तुरंत जिला प्रशासन को सूचित करने की सलाह दी।

सीमांकन और नामांतरण के मामलों का भी हुआ समाधान

खण्डेला तहसील के ग्राम कलीखेड़ा निवासी प्रहलाद ने बताया कि सीमा ज्ञान (सीमांकन) की कार्रवाई पूरी हो चुकी है और अब उन्हें कोई शिकायत नहीं है।

वहीं श्रीमाधोपुर क्षेत्र के थोई निवासी सांवरमल सैनी ने भी जिला कलेक्टर को बताया कि नामांतरण की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और उनकी समस्या का समाधान हो गया है।

अतिक्रमण हटाने के बाद रास्ता खुलवाने के निर्देश

खण्डेला तहसील के रलावता निवासी हरलाल सिंह ने चारागाह भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटा दिया गया है। इस पर जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को गैरमुमकिन रास्ते को भी निर्धारित समय में खुलवाने के निर्देश दिए।

साथ ही उन्होंने शिकायतकर्ता को आश्वस्त किया कि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या होने पर वे सीधे जिला कलेक्टर कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

इस दौरान सहायक निदेशक प्रशासनिक सुधार विभाग इंदिरा शर्मा, सहायक निदेशक जनसंपर्क पूरण मल तथा नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...