सीकर। जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट में आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में फ्लैगशिप योजनाओं, हरियालो राजस्थान अभियान, लाइट्स पोर्टल तथा राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की गई।
शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज सभी परिवादों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं का संतुष्टि स्तर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि विभागों को भेजी जाने वाली समाचार पत्रों की कटिंग पर कार्रवाई की रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को बार-बार वापस नहीं लौटाया जाए और परिवादियों को समय पर राहत प्रदान की जाए।
15 दिन से अधिक लंबित नहीं रहे कोई परिवाद
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रतिदिन कार्यालय पहुंचते ही सूचना सहायक के साथ लंबित परिवादों की समीक्षा करने तथा उनका निर्धारित समय में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी परिवाद 15 दिन से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़ को यूआईटी परिसर में कॉमन सेंटर स्थापित कराने के निर्देश भी दिए।
हरियालो राजस्थान अभियान में पौधारोपण पर जोर
बैठक में मिशन हरियालो राजस्थान, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान, प्रस्तुति सहायता योजना और श्यामा प्रसाद मुखर्जी उत्थान योजना की भी समीक्षा की गई।
जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों से प्रगति रिपोर्ट समय पर भेजने के निर्देश देते हुए कहा कि ब्लॉक स्तरीय समितियां आमजन को पौधारोपण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, उद्यान, शिक्षा विभाग, खनन विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित सभी विभागों को आवंटित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पौधारोपण कराने के निर्देश दिए।
लाइट्स पोर्टल पर नियमित अपडेट के निर्देश
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा ने अधिकारियों को लाइट्स पोर्टल पर जवाबनामा प्रस्तुत करने और प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) डॉ. राकेश कुमार मीणा, यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़, एसीईओ जिला परिषद शीशराम यादव, सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया, नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।






