सीकर। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने मंगलवार को शहर के विभिन्न जलभराव और कीचड़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत कार्य करने और दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कई क्षेत्रों का किया निरीक्षण
जिला कलेक्टर ने नवलगढ़ रोड, सबलपुरा, भढ़ाढर, नानी तिराहा, सर्किट हाउस के सामने, रेलवे अंडरपास, पिपराली रोड और गोकुलपुरा तिराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर वर्षा के बाद जलभराव की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से जल निकासी व्यवस्था, जलभराव के कारणों और अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
जल निकासी और सफाई के दिए निर्देश
जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा कीचड़ की तत्काल सफाई कर आमजन की आवाजाही सुचारु रखी जाए।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जलभराव की समस्या का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।
दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने पर जोर
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने, आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने तथा जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने जलभराव की समस्या की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्य पूरे करने पर भी जोर दिया।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, उपखंड अधिकारी सुशील कुमार सैनी, नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता, अधिशाषी अभियंता अनिता, विद्युत विभाग के एसई सुभाष चंद देवन्दा, नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता प्रवीण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






