सीकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, राजस्थान संपर्क पोर्टल, मानसून पूर्व तैयारियों और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित, प्रभावी और संतोषजनक निस्तारण प्रत्येक विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

लापरवाही पर पांच विभागों को शो-कॉज नोटिस

समीक्षा के दौरान संपर्क पोर्टल के लंबित प्रकरणों में लापरवाही पाए जाने पर जिला कलेक्टर ने नगर परिषद, एमडीसीसीबी, वाटरशेड विभाग, सहकारिता विभाग तथा आरएसआरडीसी के संबंधित अधिकारियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई कि संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर चार्जशीट की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर परिषद आयुक्त के अनुपस्थित रहने पर भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

मानसून तैयारियों और मूलभूत सुविधाओं पर जोर

जिला कलेक्टर ने विद्युत, पेयजल और सड़क संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर परिषद को नालों की नियमित सफाई और जलभराव रोकने, विद्युत विभाग को बिजली के खंभों में करंट प्रवाहित नहीं होने देने तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों का शीघ्र पेचवर्क पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को अपने स्तर पर प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक आयोजित कर उसकी रिपोर्ट जिला कलेक्टर कार्यालय भेजने के भी निर्देश दिए।

योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के निर्देश

बैठक में कुसुम-सी, लाड़ो प्रोत्साहन योजना, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान, हरियालो राजस्थान अभियान तथा अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने, ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों में तेजी लाने और अधिक से अधिक पौधारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय एवं लाइट्स पोर्टल से जुड़े लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समय पर जवाब और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के निर्देश दिए।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...