जिला मुख्यालय स्थित जिला औषधि भंडार, सीकर में बुधवार को फायर सेफ्टी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन फायर सेफ्टी ऑडिट प्रभारी अधिकारी डॉ. सीपी ओला के निर्देशन में हुआ, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को आपात स्थिति में सुरक्षित एवं प्रभावी तरीके से कार्य करने के लिए प्रशिक्षित करना था।
अग्निशामक यंत्रों के उपयोग का दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान नगर परिषद सीकर के फायर सेफ्टी कार्मिक राकेश कुमार ने कर्मचारियों को अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों और शुरुआती बचाव उपायों की भी जानकारी दी।
इसके अलावा फायर इमरजेंसी एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) तथा भवन से सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया को भी विस्तार से समझाया गया।
सुरक्षा मानकों के पालन की अपील
फायर सेफ्टी ऑडिट प्रभारी अधिकारी डॉ. सीपी ओला ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे अग्नि सुरक्षा से जुड़े नियमों का पूरी गंभीरता से पालन करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं के अनुसार कार्य करना ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।






